सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, पांच प्रखंड हाई अलर्ट पर

सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, पांच प्रखंड हाई अलर्ट पर

इंद्रपुरी बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन सतर्क

डेहरी ऑन सोन/रोहतास। इंद्रपुरी बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए रोहतास जिले के पांच प्रखंडों के सोन तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। नौहट्टा, रोहतास, तिलौथू, डेहरी और नासरीगंज प्रखंड के नदी किनारे बसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रख रहा है, ताकि संभावित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों से नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। खासकर बच्चों और युवाओं को नदी किनारे जाने से रोकने तथा किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने की सलाह दी गई है।

संभावित जल वृद्धि को देखते हुए पशुपालकों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से मवेशियों को नदी के किनारे नहीं ले जाने और उन्हें सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रखने की अपील की है। प्रशासन सोन नदी के जलस्तर और जल प्रवाह पर लगातार निगरानी रख रहा है। तटीय और निचले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Views: 11
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND