27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ में युवाओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी, पांच मुद्दों पर होगी चर्चा

27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ में युवाओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी, पांच मुद्दों पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रव्यापी ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के तहत ‘मेरा युवा भारत’ (MY भारत) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले से दो-दो कॉलेजों के युवा शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को देश की खेल यात्रा से जोड़ने के साथ उनकी आकांक्षाओं और विचारों को समझना तथा युवा नेतृत्व के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

‘खेलो इंडिया डायलॉग’ के माध्यम से खेल, युवा नेतृत्व, नागरिक कर्तव्य, स्वयंसेवा, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को एक साझा मंच पर लाया जाएगा। कार्यक्रम में युवाओं को देश के खेल क्षेत्र की प्रगति से जुड़ने और भविष्य की दिशा को लेकर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवा प्रतिभागियों, MY भारत के स्वयंसेवकों, स्थानीय खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। कार्यक्रम में खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं को प्रमुख एथलीटों और पदक विजेताओं से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘युवा संवाद’ होगा। इसमें युवाओं को अपनी आकांक्षाएं, सुझाव और दृष्टिकोण साझा करने का अवसर दिया जाएगा। संवाद के लिए पांच प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं। पहली थीम के तहत खेल सुविधाओं के विस्तार, बेहतर कोचिंग, खेल विज्ञान और सभी वर्गों की भागीदारी के माध्यम से देश के खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने पर चर्चा होगी। युवाओं के लिए खेलों में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।

दूसरी थीम में वैज्ञानिक तरीकों से खेल प्रतिभाओं की पहचान, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य 2036 ओलंपिक के लिए देश की नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करना है। तीसरी थीम युवा नेतृत्व पर केंद्रित होगी। गवर्नेंस प्लेटफॉर्म और MY भारत के स्वयंसेवा अभियानों के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। चौथी थीम के तहत नागरिक कर्तव्य, भविष्य के लिए आवश्यक कौशल और स्वयंसेवा के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए सशक्त बनाने पर चर्चा होगी।

पांचवीं थीम ‘नशामुक्त युवा’ अभियान से जुड़ी होगी। इसके तहत खेल और युवा नेटवर्क के माध्यम से मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। युवाओं को स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उपायों पर भी चर्चा होगी।

‘खेलो इंडिया डायलॉग’ के जरिए युवाओं को केवल खेलों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सामने आने वाले युवाओं के विचार और सुझाव विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवा भागीदारी को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Views: 0
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND