नेपाल में बाढ़ के बाद 320 भारतीय लापता, चीन सीमा पर फंसे 400 नागरिक सुरक्षित
नई दिल्ली। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद 320 भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से अब तक 84 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें त्रिशुली-वन जलविद्युत परियोजना में कार्यरत 63 भारतीय भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से काठमांडू पहुंचे 21 भारतीय नागरिक शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए। वहीं, चीन की सीमा पर फंसे 96 भारतीय नागरिक भी सड़क मार्ग से सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं। उन्हें भारत लाने के प्रयास जारी हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, लापता या संपर्क से बाहर भारतीय नागरिकों की संख्या फिलहाल 320 है। हालांकि, स्थिति लगातार बदल रही है और विभिन्न सूचियों का मिलान किए जाने के कारण आंकड़े घट-बढ़ सकते हैं। इसके अलावा भारतीय मूल के करीब 100 लोग भी संपर्क से बाहर हैं। इनमें कुछ ऐसे लोग हैं, जो कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए हो सकते हैं, लेकिन उनके पास अन्य देशों की नागरिकता है।
जायसवाल ने बताया कि चीन की सीमा पर फंसे करीब 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और अपने परिवारों के संपर्क में हैं। भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था में जुटा है। दूतावास की टीम इन लोगों के दल के प्रमुख और यात्रा एजेंट के संपर्क में भी है। विदेश मंत्रालय, काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों के नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर समय-समय पर नए आंकड़े साझा किए जाएंगे।
About The Author
