औरंगाबाद: ताजमहल घूमने निकले पर्यटकों की बस पलटी, 13 यात्री घायल
NH-19 पर मची अफरा-तफरी सीरीस के पास देर रात हुआ हादसा
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के सीरीस के समीप बुधवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पर्यटकों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पश्चिम बंगाल से आगरा जा रही बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस सवार 13 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, किसी यात्री की जान नहीं गई और सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बताया गया कि बस में सवार सभी पर्यटक पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। पर्यटकों का दल कोलकाता से आगरा के लिए रवाना हुआ था। उन्हें ताजमहल समेत आगरा के अन्य ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना था। इसी क्रम में बस औरंगाबाद के बारुण इलाके से गुजर रही थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात में बस चला रहे चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसके बाद बस पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और बस सड़क किनारे लगी लोहे की बैरिकेडिंग से जा टकराई। टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे के समय बस में यात्रियों के अलावा चालक और खलासी भी मौजूद थे। दुर्घटना के बाद बस के अंदर यात्रियों के चीखने की आवाज सुनाई दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एनएचएआई की आपातकालीन टीम को सूचना दी। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलने के बाद बारुण थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। हादसे में रीता सूतोधर, दिलीप बुंडू, हीरा बुंडू, शेफाली भुई, झाना बाबरी, नेमाई शिष्ट, रौतन मंडल, सोनामुखी, मालवती घोष, महाबली उरांव, चांद सूतोधर, मुराली कारक और बस खलासी शेख अशरफ घायल हुए हैं। घायलों की उम्र करीब 45 से 68 वर्ष के बीच बताई गई है। बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। हादसे की जानकारी घायलों के परिजनों को भी दे दी गई है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए NH-19 पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।
About The Author
