किशनगंज : 80.9 किलो गांजा के साथ पूर्व सैन्यकर्मी समेत दो गिरफ्तार
असम से दरभंगा पहुंचाई जा रही थी खेप
किशनगंज। किशनगंज पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 80.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में पूर्व सैन्यकर्मी समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 14,820 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपितों में उत्तराखंड के देहरादून निवासी 59 वर्षीय विपिन पवार और किशनगंज के खगड़ा मझिया टोला निवासी 56 वर्षीय मुजीबुर रहमान शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, विपिन पवार पूर्व सैन्यकर्मी है, जबकि मुजीबुर रहमान वाहन चला रहा था। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 26 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए गांजे की बड़ी खेप किशनगंज से कोचाधामन थाना क्षेत्र होते हुए दरभंगा ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विशेष टीम में एएनटीएफ किशनगंज, कोचाधामन थाना और धनपुरा पिकेट के पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को शामिल किया गया। टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के पुनास गांव की मुख्य सड़क पर वाहन जांच शुरू की।
वाहन जांच के दौरान रहमतपाड़ा चौक की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में रखे सूटकेस और बैग से गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 80.900 किलोग्राम निकली। पुलिस ने मौके से कार सवार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 14,820 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान विपिन पवार ने अहम जानकारी दी है। उसके अनुसार, असम से गांजा लाकर दरभंगा के तस्करों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि असम और दरभंगा से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही गांजे की आपूर्ति से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
About The Author
