नवादा: लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले सात अपराधी गिरफ्तार

नवादा: लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले सात अपराधी गिरफ्तार

13 एंड्रॉयड मोबाइल, 9,500 रुपये नकद, ग्राहक डाटा और एटीएम कार्ड बरामद

वारिसलीगंज। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वारिसलीगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर सात कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 13 एंड्रॉयड मोबाइल, 9,500 रुपये नकद, एक ग्राहक डाटा पत्रक और फिनो बैंक का एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर 31 अगस्त की शाम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पकरीबरावां के नेतृत्व में छापेमारी के लिए टीम गठित की गई थी। टीम में वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।

गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई बैगराजपुर गांव स्थित सरकारी विद्यालय के पास की गई। यहां से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से नौ एंड्रॉयड मोबाइल, 5,000 रुपये नकद और एक पन्ने का ग्राहक डाटा बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई वारिसलीगंज स्थित एचडीएफसी बैंक के पास की गई, जहां से दो आरोपित पकड़े गए। उनके पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल, 4,500 रुपये नकद और फिनो बैंक का एटीएम कार्ड बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मय गांव, वारिसलीगंज थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार (28), संतोष कुमार (32), आशुतोष कुमार (27), गोपाल कुमार (29) और रजनीश कुमार (19), नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के अहियाचक निवासी संजय कुमार (20) तथा पकरीबरावां थाना क्षेत्र के केशौरी विशुनपुर निवासी रूपेश कुमार (24) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस सहित विभिन्न प्रकार के ऋण दिलाने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने की बात सामने आई है। आरोपितों के पास ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर और पते सहित अन्य विवरण वाला ग्राहक डाटा रहता था। इसी डाटा में दर्ज मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर वे ऋण दिलाने का झांसा देते और लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 627/26, दिनांक 31 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66, 66बी, 66सी एवं 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक धर्मनाथ प्रसाद तथा प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय शामिल थे।

Views: 19
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND