यूपी में खनन विभाग की जांच से बक्सर में महाजाम, NH-922 पर 8 किलोमीटर तक ट्रकों की कतार

गोलंबर से दलसागर टोल प्लाजा तक दोनों लेन पर फंसे वाहन

यूपी में खनन विभाग की जांच से बक्सर में महाजाम, NH-922 पर 8 किलोमीटर तक ट्रकों की कतार

बक्सर। उत्तर प्रदेश में खनन विभाग की सघन जांच के कारण बुधवार को बक्सर की सड़कों पर महाजाम की स्थिति बन गई। बिहार के गोलंबर से दलसागर टोल प्लाजा तक पटना-बक्सर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-922 की दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई स्थानों पर तीन-तीन लेन में बालू लदे ट्रक और ट्रेलर घंटों से खड़े रहे। भरौली से दलसागर तक करीब आठ किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लगने से आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दूसरे राज्यों से आने वाली खनन सामग्री पर कर वसूली को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। कागजात में कमी पाए जाने वाले कई वाहनों को उत्तर प्रदेश में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में ट्रक चालक जांच समाप्त होने के इंतजार में बक्सर की सड़कों पर ही अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में खनन विभाग की जांच के कारण वीर कुंवर सिंह सेतु से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाले वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। कार्रवाई के डर से कई वाहन चालक उत्तर प्रदेश की ओर जाने से बच रहे हैं। गोलंबर से बक्सर बाईपास और पटना-बक्सर फोरलेन पर रात से ही आवागमन प्रभावित है। दोपहिया वाहनों से लेकर भारी वाहनों तक को जाम का सामना करना पड़ रहा है। बक्सर-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर गोलंबर से दलसागर तक कई जगहों पर तीन-तीन लेन में ट्रक खड़े हैं। जो वाहन जहां खड़ा है, वह घंटों से वहीं फंसा हुआ है। जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की टीम भी तैनात की गई है। पुलिस ने यातायात का दबाव कम करने के लिए कुछ स्थानों पर यू-टर्न के माध्यम से वाहनों को वैकल्पिक दिशा में भेजने का प्रयास किया।

जाम से बचने के लिए कई वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर गलत दिशा से वाहन चलाते नजर आए। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। वहीं ई-रिक्शा और ऑटो चालक भी समय बचाने के लिए डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में प्रवेश करते दिखे। जाम की मजबूरी में अपनाया जा रहा यह तरीका वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। जाम से बचने के लिए कुछ बालू लदे बड़े ट्रेलर और ट्रक उल्टी दिशा में दलसागर से आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने ऐसे वाहनों को भी रोक दिया। प्रशासन की ओर से यातायात को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उत्तर प्रदेश में खनन विभाग की जांच के कारण बक्सर में अचानक वाहनों का दबाव बढ़ा, लेकिन जिला प्रशासन और यातायात व्यवस्था इसे संभालने में पूरी तरह सफल नहीं रही। वीर कुंवर सिंह सेतु उत्तर प्रदेश में प्रवेश का प्रमुख मार्ग है और यहां पहले से ही भारी वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में जांच के कारण बड़ी संख्या में बालू लदे ट्रकों के सड़क पर खड़े हो जाने से स्थिति और गंभीर हो गई।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि उत्तर प्रदेश में खनन सामग्री की जांच और कर वसूली के दौरान कागजी अनियमितताओं वाले वाहनों की संख्या सामने आ रही है। कुछ सूत्रों की ओर से अवैध आवाजाही में स्थानीय स्तर पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Views: 1
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND