औरंगाबाद: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, मौके पर मौत

मुआवजे की मांग पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम

औरंगाबाद: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, मौके पर मौत

औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अंजनवा मोड़ के समीप उस समय हुआ, जब दंपति बाइक से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान सलैया थाना क्षेत्र के जोगड़ी गांव निवासी प्रहलाद पाल और उनकी पत्नी उर्मिला देवी के रूप में हुई है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उर्मिला देवी अपने पति प्रहलाद पाल के साथ बाइक पर सवार होकर अंजनवा स्थित मध्य विद्यालय जा रही थीं। जैसे ही दोनों अंजनवा मोड़ के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतकों के आश्रितों को तत्काल उचित सरकारी मुआवजा देने, दुर्घटना संभावित स्थल पर गति अवरोधक और संकेतक लगाने तथा फरार ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना में शामिल ट्रक तथा उसके फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Views: 9
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND