सैकड़ों महिलाओं ने मेयर और पूर्व डिप्टी मेयर को बांधी राखी, रंग-बिरंगी राखियों से सजी कलाइयां
गयाजी। रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को राय काशीनाथ मोड़ स्थित एक निजी होटल में विमेन विंग्स ऑफ सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से अनोखे राखी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया। गयाजी नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान और पूर्व डिप्टी मेयर ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने दोनों जनप्रतिनिधियों को भाई मानकर उनकी कलाइयों पर राखी बांधी। देखते ही देखते मेयर गणेश पासवान और पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव की कलाइयां रंग-बिरंगी राखियों से सज गईं। महिलाओं ने राखी बांधने के बाद मिठाई खिलाई और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस मौके पर मेयर गणेश पासवान ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पवित्र पर्व है। बड़ी संख्या में बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मिलना उनके लिए यादगार क्षण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहना ही इस रिश्ते का सच्चा सम्मान है।
पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि बहनों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का दिन भी है। महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए।
संस्था की अध्यक्ष राखी अग्रवाल ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। मेयर और पूर्व डिप्टी मेयर को राखी बांधकर सभी बहनों को खुशी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों जनप्रतिनिधि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ गयाजी के विकास के लिए भी निरंतर काम करेंगे। कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष राखी अग्रवाल, सचिव ममता कुमारी, कोषाध्यक्ष अनुराधा वर्णवाल, वार्ड पार्षद सारिका वर्मा, भारती प्रियदर्शिनी, समाजसेवी रीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं की सामूहिक भागीदारी से कार्यक्रम का माहौल उत्सवमय बना रहा।
About The Author
