वेद प्रचार सप्ताह के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल दानी बिगहा में हवन व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

वेद प्रचार सप्ताह के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल दानी बिगहा में हवन व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

औरंगाबाद। वेद प्रचार सप्ताह के अंतर्गत आर्य समाज प्रतिनिधि सभा के मार्गदर्शन एवं आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा के तत्वावधान में डीएवी पब्लिक स्कूल दानी बिगहा में हवन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डीएवी बिहार प्रक्षेत्र-एफ के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी विजय कुमार पाठक के निर्देशन में हुआ। इसमें प्रक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, वैदिक मंत्रोच्चार और देव यज्ञ के साथ हुई। सामूहिक हवन में आहुति देकर विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना की गई। स्वागत गान और स्वागत नृत्य के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। विद्यालय की प्राचार्या अल्पना मिश्र ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

सहायक क्षेत्रीय अधिकारी विजय कुमार पाठक ने कहा कि वेद केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि ज्ञान और सार्वभौमिक कल्याण के शाश्वत स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि वैदिक विचारों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने और चरित्र निर्माण को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने सनातन धर्म की अवधारणा, वसुधैव कुटुंबकम तथा आधुनिक युग में संस्कृत की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। विद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि वैदिक चिंतन चारों वेदों पर आधारित ज्ञान परंपरा है, जो मनुष्य को प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की सीख देती है।

चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न डीएवी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में डीएवी नबीनगर की आयुषी सिंह और डीएवी तेंदूनी चौक, बिक्रमगंज के सौरभ राज ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दयानंद विहार के आठवीं कक्षा के छात्र विभांशु कुमार द्वितीय तथा डीएवी दानी बिगहा की कक्षा सातवीं-ए की छात्रा सारिका तनवीर तृतीय स्थान पर रहीं। सांत्वना पुरस्कार डीएवी नबीनगर की सातवीं-सी की छात्रा डिंपल कुमारी और डीएवी दाउदनगर की आठवीं-बी की छात्रा वैष्णवी कुमारी को संयुक्त रूप से दिया गया। पुरस्कार वितरण प्राचार्या प्रमिला सिंह, निर्णायक प्रतिनिधि विक्रम सिंह और प्राचार्या अल्पना मिश्र ने किया। कार्यक्रम में डीएवी सेमरा, बिक्रमगंज की प्राचार्या प्रमिला सिंह सहित कई शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Views: 7
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND