बिहटा: पुलिस-अपराधियों में मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली; SI भी घायल
नाविकों से रंगदारी वसूली की मिली थी सूचना
बिहटा। पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में रविवार सुबह सोन नदी के किनारे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। नाविकों से रंगदारी वसूले जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी में कुछ अपराधी नाविकों से रंगदारी वसूल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम परेव इलाके में पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और नदी के बीच दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल की पहचान अवनीश कुमार उर्फ अनीश के रूप में बताई गई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया।
फायरिंग के दौरान बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के घायल होने की भी सूचना है, हालांकि उनकी चोट को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार मौके से एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और करीब 25 राउंड गोलियां बरामद की गई हैं। इसके अलावा अपराधियों के इस्तेमाल में लाई गई एक नाव भी पुलिस ने जब्त की है।
घटना की जानकारी मिलने पर पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार और डीएसपी अमरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सोन नदी और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। फरार अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, अपराधी अनीश नाविकों से रंगदारी वसूल रहा था। पुलिस के पहुंचने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल अनीश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसे टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। वह एके-47 से जुड़े मामले में भी फरार चल रहा था। पुलिस अब मुठभेड़ में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। साथ ही सोन नदी में आने-जाने वाली नावों की भी जांच की जा रही है।
About The Author
