गुरुआ में एक ही रात चार घरों में चोरी, नकदी और लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए चोर

गुरुआ में एक ही रात चार घरों में चोरी, नकदी और लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए चोर

गुरुआ (गया)। गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के लालगढ़ गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घरों से नकद रुपये, लाखों रुपये के जेवरात, कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।चोरों ने लालगढ़ गांव निवासी नरेन्द्र कुमार, अवधबिहारी सिंह, अरुण प्रसाद और संजय साव के घरों में चोरी की। सुबह जब ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले तो गांव में अलग-अलग जगहों पर सूटकेस, कपड़े, कागजात और अन्य सामान बिखरा मिला। इसके बाद चार घरों में चोरी होने की जानकारी सामने आई।

बताया गया कि चोरी के समय सभी घरों में परिवार के सदस्य सो रहे थे। हैरानी की बात यह है कि किसी भी परिवार को चोरी की भनक तक नहीं लगी। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि चोरों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल कर परिवार के सदस्यों को बेहोश किया होगा। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सुबह घरों से बाहर निकलने पर ग्रामीणों ने अलग-अलग स्थानों पर सामान बिखरा देखा। इसके बाद पीड़ित परिवारों को अपने घरों में चोरी होने का पता चला। एक ही रात में चार घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND