महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को उतरी ‘अभया ब्रिगेड’, 30 स्कूटी और 40 बाइक से होगी गश्त

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को उतरी ‘अभया ब्रिगेड’, 30 स्कूटी और 40 बाइक से होगी गश्त

गया। रक्षाबंधन के दिन महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गया पुलिस ने नई पहल शुरू की। शुक्रवार सुबह पुलिस केंद्र गया में ‘पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम’ यानी ‘अभया ब्रिगेड’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने टीम को रवाना किया। अभियान के तहत गया पुलिस को 30 स्कूटी और 40 बाइक उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों से महिला पुलिसकर्मी शहर से लेकर अनुमंडलीय क्षेत्रों तक गश्त करेंगी। गश्ती दल का विशेष ध्यान उन स्थानों पर रहेगा, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक होती है।

‘अभया ब्रिगेड’ की टीम स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखेगी। संस्थानों के खुलने और छुट्टी के समय अतिरिक्त गश्त की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी लेंगी। बाजार, मॉल, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों के साथ सुनसान रास्तों पर भी गश्त की जाएगी। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर रहेगा।

हर स्कूटी पर दो महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगी। पुलिस के अनुसार, गश्ती दल का उद्देश्य केवल निगरानी करना नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर महिलाओं की तत्काल मदद करना भी है। छेड़खानी, अभद्र टिप्पणी या महिलाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ‘अभया ब्रिगेड’ को विशेष रूप से महिला और बालिका सुरक्षा पर केंद्रित किया गया है। शहरी क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की गश्त रात में भी जारी रहेगी, जिससे देर रात लौटने वाली महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा मिल सके। गश्त के दौरान किसी घटना की सूचना मिलने पर टीम डायल-112 और संबंधित थाने से संपर्क करेगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजा जाएगा। पुलिस दीदी स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं को डायल-112 के इस्तेमाल के प्रति जागरूक भी करेंगी।

Views: 0
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND