300 से अधिक बहनों ने मनाया अनोखा रक्षाबंधन, सतीश कुमार सिंह की कलाई पर बांधी राखी

सम्राट अशोक भवन में आयोजित हुआ भव्य रक्षाबंधन समारोह

300 से अधिक बहनों ने मनाया अनोखा रक्षाबंधन, सतीश कुमार सिंह की कलाई पर बांधी राखी

औरंगाबाद। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर संस्कृति दर्पण संघ की ओर से सम्राट अशोक भवन ब्लॉक में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर की 300 से अधिक बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में बहनों ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन सह भाजपा जिला महामंत्री सतीश कुमार सिंह को राखी बांधी। उन्होंने भी बहनों को सुरक्षा, सम्मान और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

समारोह की अध्यक्षता प्रकाश चौहान ने की। नगर परिषद की पूर्व उपाध्यक्ष संगीता सिंह और रीना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान वक्ताओं ने रक्षा बंधन के सामाजिक और भावनात्मक महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ समाज में प्रेम, विश्वास और सद्भाव बढ़ाने का भी संदेश देता है।

संस्कृति दर्पण संघ के उपाध्यक्ष पंकज सोनी ने कहा कि संस्था ने इस कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2025 में की थी। उन्होंने बताया कि समाज में कई ऐसी बहनें हैं, जिन्हें भाई का स्नेह और साथ नहीं मिल पाता। ऐसे में उनके साथ रक्षा बंधन मनाकर उन्हें परिवार जैसा अपनापन देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतीश कुमार सिंह ने बहनों की ओर से बांधी गई राखी को महज परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में स्वीकार किया है।

आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। रक्षा बंधन के माध्यम से समाज में यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि महिलाओं और बहनों की सुरक्षा एवं सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी है। समारोह में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लोगों को एकजुट होकर काम करना होगा। भाईचारा, आपसी सहयोग और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने वाले आयोजनों से समाज में बेहतर वातावरण तैयार होता है। कार्यक्रम में सौरभ कुमार, सुनील कुमार मोदी, पंडित रौशन मिश्रा, चंदन गुप्ता, कुणाल कुमार, आर्यन राज, अमित गुप्ता और राहुल सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। 

Views: 0
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND