बीएससी नर्सिंग के परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का हंगामा, 90 फीसदी विद्यार्थियों के फेल होने का आरोप
पटना। दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के रकसिया गांव स्थित चाणक्या कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार दोपहर बीएससी नर्सिंग के परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। परीक्षा परिणाम में करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थियों के फेल होने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित छात्रों ने बिक्रम-पालीगंज राज्य राजमार्ग-2 को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थियों को परीक्षा में फेल कर दिया गया है। छात्रों का कहना है कि कई मेधावी और टॉपर विद्यार्थियों को भी उम्मीद से काफी कम अंक मिले हैं। परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर सेंटर मैनेजमेंट और परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर प्रत्येक विद्यार्थी से 10,800 रुपये लेने का भी आरोप लगाया। विद्यार्थियों का कहना है कि इतनी राशि लेने के बावजूद परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन करते हुए बिक्रम-पालीगंज राज्य राजमार्ग-2 को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और परीक्षा की कॉपियों की दोबारा जांच कराने की मांग की। विद्यार्थियों ने कहा कि यदि मूल्यांकन में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो उसे दूर कर प्रभावित छात्रों को न्याय दिया जाए। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद दुल्हिन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाया और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने सड़क से जाम हटा लिया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। मामले में कॉलेज प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए प्राचार्य से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। कॉलेज प्रबंधन का पक्ष मिलने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
About The Author
