बाढ़: संदिग्ध जहरीली शराब से चार लोगों की मौत, शराब पार्टी के बाद बिगड़ी थी तबीयत
मौके से शराब की बोतल और फ्रूटी का खाली डिब्बा बरामद
बाढ़/पटना। पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में चार लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि चारों ने एक साथ शराब पार्टी की थी। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए पटना भेजा गया, जहां इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों के अनुसार, शराब पीने के बाद चारों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उनकी हालत बिगड़ने पर मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में बाढ़ स्थित एक निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए सभी को पटना रेफर कर दिया गया।
चारों को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से शराब की बोतल, प्लास्टिक में बना पैग और कुछ खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है। साथ ही फ्रूटी वाली शराब का खाली डिब्बा भी मिलने की बात सामने आई है। इन सामानों की बरामदगी के बाद शराब के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतकों की पहचान बेढ़ना गांव निवासी शशि कुमार (32), पिता रामाकांत कुमार, विकास राम (40), पिता विरजु राम, पंकज सिंह (45), पिता नन्दे सिंह और निशु कुमार (30), पिता राजू सिंह के रूप में हुई है।
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने चारों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। पुलिस घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर के अनुसार, ग्रामीणों ने बताया था कि सभी लोगों ने शराब का सेवन किया था। अस्पताल में पहले तीन युवक पहुंचे थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। बाद में एक और युवक को अस्पताल लाया गया। सभी की हालत गंभीर और लगभग एक जैसी थी। डॉक्टर के मुताबिक, प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पटना रेफर किया गया था। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभी पता नहीं चल पाया है कि चारों ने किस नशीले पदार्थ या किस प्रकार के पदार्थ का सेवन किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शराब या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
About The Author
