आईजी ने पकरीबरावां में विधि-व्यवस्था और लंबित कांडों की समीक्षा

आईजी ने पकरीबरावां में विधि-व्यवस्था और लंबित कांडों की समीक्षा

साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और बाजार में जाम की समस्या के समाधान का दिया निर्देश

पकरीबरावां (नवादा)। मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव मंगलवार को पकरीबरावां पुलिस अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुजय विद्यार्थी ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। आईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों और साइबर अपराध की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान विकास वैभव ने विभिन्न मामलों की प्रगति की जानकारी ली और लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

आईजी ने कहा कि पकरीबरावां क्षेत्र में साइबर अपराध की समस्या है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और अनुसंधान में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही साइबर अपराध के बदलते तरीकों पर नजर रखने और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। इस दौरान भाजपा नेता आशो पासवान और बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार डोला हत्याकांड में मांगों को लेकर सड़क जाम करने वाले लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने का मामला भी उठाया गया। इसके अलावा पकरीबरावां बाजार में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या के समाधान की मांग भी की गई।

पत्रकारों द्वारा बाजार में जाम की समस्या को लेकर पूछे गए सवाल पर आईजी ने कहा कि इस मामले की भी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर जाम की समस्या के समाधान के लिए हरसंभव कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने आईजी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। भाजपा किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष और डुमरावां निवासी आदित्य कुमार ने आईजी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, पकरीबरावां के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुजय विद्यार्थी, निरीक्षक प्रशांत कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND