औरंगाबाद: ट्रेन से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल, आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल
अनुग्रह नारायण रोड-फेसर के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला घायल, बेहतर इलाज के लिए गया रेफर
औरंगाबाद। गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर अनुग्रह नारायण रोड और फेसर रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार सुबह ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रेलवे पोल संख्या 531/7 और 531/9 के बीच हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की पहचान विश्वराज कुमार (48) के रूप में हुई है। वह गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के कुकरा गांव, वार्ड संख्या 28 निवासी सरजू प्रसाद का पुत्र बताया गया है। हालांकि, वह किस ट्रेन से यात्रा कर रहा था और किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ के कांस्टेबल उमेश कुमार और उपनिरीक्षक शिवराज साह मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां सुबह करीब साढ़े नौ बजे चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया। इसके बाद उसे गया ले जाने की व्यवस्था की गई। आरपीएफ ने घटना की जानकारी घायल युवक के परिजनों को दी। परिजनों के निर्देश पर सदर अस्पताल पहुंचे विश्वराज कुमार के दोस्त सुधीर कुमार वर्मा, निवासी खिरियावां गांव, उसे आगे के इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गया ले गए।
About The Author
