गया: राखी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
गयाजी। रक्षाबंधन के दिन कोंच थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ददरेजी-रफीगंज मुख्य मार्ग पर पड़रामा मोड़ के समीप शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। पड़रामा मोड़ के पास अचानक दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर करीब 150 मीटर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने सड़क पर पड़े घायलों को उठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने ददरेजी गांव निवासी मनोज सिंह के पुत्र शांतनु कुमार की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रधाना गांव निवासी बनारसी यादव के दामाद धर्मेंद्र यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।
दुर्घटना में नेहोरा गांव निवासी मुस्ताक अहमद के पुत्र उमर गनी समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया।
हादसे की खबर दोनों मृतकों के परिवारों तक पहुंचते ही कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के मौके पर जहां बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, वहीं कुछ ही घंटे बाद दो परिवारों में मौत की खबर पहुंच गई। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
About The Author
