औरंगाबाद: सड़क पर मौत बनकर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, करंट की चपेट में आकर युवक की मौत

शौच के लिए घर से निकला था मिथिलेश, रास्ते में टूटे हाईटेंशन तार पर पड़ा पैर

औरंगाबाद: सड़क पर मौत बनकर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, करंट की चपेट में आकर युवक की मौत

औरंगाबाद। माली थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में मंगलवार की सुबह बिजली विभाग की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर से शौच के लिए निकले 35 वर्षीय युवक मिथिलेश बरई की 11 हजार वोल्ट के टूटे विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

जानकारी के अनुसार, मिथिलेश बरई मंगलवार सुबह अपने घर से शौच के लिए निकला था। गांव से कुछ दूरी पर रास्ते में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। सुबह का समय होने और रोशनी कम होने के कारण मिथिलेश की नजर जमीन पर पड़े तार पर नहीं गई। जैसे ही वह तार के संपर्क में आया, उसे तेज करंट का झटका लगा और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।

युवक के जमीन पर गिरने के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मिथिलेश को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन मिथिलेश को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले रास्ते में हाईटेंशन तार का टूटकर जमीन पर गिरना बेहद गंभीर मामला है। समय रहते तार को हटाया जाता या बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती तो हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगे पुराने एवं जर्जर विद्युत तारों की जांच कराने की मांग की गई है। 

Views: 15
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND