जहानाबाद: मोरहर नदी की तेज धारा में 3 मजदूर बहे, दो ने बचाई जान; एक लापता की हो रही तलाश

जहानाबाद: मोरहर नदी की तेज धारा में 3 मजदूर बहे, दो ने बचाई जान; एक लापता की हो रही तलाश

धाना डिहरी से मजदूरी कर रात में लौट रहे थे तीनों, नदी पार करने के दौरान हुआ हादसा; एसडीआरएफ को बुलाया गया

जहानाबाद। सदर प्रखंड के लरसा पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव के तीन मजदूर मंगलवार रात मोरहर नदी पार करने के दौरान तेज धारा की चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूर किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक मजदूर नदी में बहने के बाद से लापता है। लापता मजदूर की पहचान गोपालपुर गांव निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। रात में ही ग्रामीणों ने नदी के आसपास लापता मजदूर की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण खोज अभियान में सफलता नहीं मिली।

ग्रामीणों के अनुसार, राजीव कुमार, सोहन कुमार और अरुण कुमार मजदूरी करने के लिए धाना डिहरी गए थे। मंगलवार को काम खत्म होने के बाद तीनों घर लौट रहे थे। देर होने के कारण उन्हें रात में ही मोरहर नदी पार करनी पड़ी। बताया गया कि नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ था। पानी बढ़ने के कारण स्लुइस गेट खोले जाने से नदी का बहाव और तेज हो गया था। रात के अंधेरे में नदी पार करने के दौरान तीनों मजदूर अचानक तेज धारा में फंस गए और पानी के साथ बहने लगे।

तेज बहाव के बीच सोहन कुमार और अरुण कुमार किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में सफल रहे। दोनों के सुरक्षित निकलने के बाद राजीव कुमार के नदी में बह जाने की जानकारी ग्रामीणों को मिली। इसके बाद गांव के लोगों ने रात में ही घटनास्थल और नदी के आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि अंधेरा होने और पानी का बहाव तेज रहने के कारण राजीव का कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह भी ग्रामीणों ने नदी के आसपास बड़े स्तर पर खोजबीन शुरू की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। परस बिगहा थाना पुलिस की मौजूदगी में लापता मजदूर की तलाश जारी है।

थानाध्यक्ष सर्वनारायण ने बताया कि राजीव कुमार की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद नदी में व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जाएगा। राजीव कुमार के लापता होने की खबर से गोपालपुर गांव में मातम का माहौल है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं और लगातार नदी की ओर नजर लगाए हुए हैं। ग्रामीण भी अपने स्तर से खोजबीन में जुटे हैं और एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

Views: 11
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND