औरंगाबाद: बिजली तार की चपेट में आए प्लंबर मिस्त्री, मौत
औरंगाबाद। नगर थाना क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ले में रविवार दोपहर बिजली करंट की चपेट में आने से 39 वर्षीय प्लंबर मिस्त्री सद्दाम हुसैन की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, बजरंगी गली निवासी शेख समीम के पुत्र सद्दाम हुसैन किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान अलीनगर मोहल्ले में पानी टंकी के समीप वह बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सद्दाम हुसैन वर्तमान में शहर के वार्ड संख्या-13 स्थित अलीपुर मोहल्ले में परिवार के साथ रह रहे थे। वह प्लंबर मिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी और सद्दाम ही घर के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
सद्दाम हुसैन की मौत के बाद उनके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं, जो अभी छोटे हैं। वहीं, उनके दो भाइयों में से एक के मानसिक रूप से कमजोर होने की बात भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने पर नगर परिषद उपाध्यक्ष मो. एहसान और समाजसेवी शाहनवाज रहमान उर्फ सल्लू खान भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया। समाजसेवी शाहनवाज रहमान ने बताया कि सद्दाम परिवार के लिए एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
About The Author
