पटना: युवती को बचाने में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटी, तीन लोग घायल

पटना: युवती को बचाने में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटी, तीन लोग घायल

पटना। सचिवालय थाना क्षेत्र स्थित 10 सर्कुलर रोड में रविवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा 31 नंबर वीआईपी पोस्ट के पास हुआ। स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे, जिन्हें हादसे में हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवती सड़क पर स्कूटी चलाना सीख रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो के सामने अचानक युवती आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और वाहन को मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई।

चश्मदीदों के अनुसार, स्कॉर्पियो करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। अचानक मोड़ लेने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो करीब पांच फीट तक हवा में उछली और इसके बाद सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर सचिवालय थाना और यातायात जांच चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे में घायल तीनों लोगों को मामूली चोटें आई हैं। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह राजधानी का संवेदनशील और रिहायशी इलाका है। इसके पास ही मुख्यमंत्री आवास और लोक भवन स्थित हैं। ऐसे स्थान पर तेज रफ्तार वाहन के पलटने से कुछ देर के लिए इलाके में हलचल मच गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो पुलिस की गाड़ी बताई जा रही है और उस पर पुलिस का स्टीकर भी लगा हुआ है। हालांकि, वाहन किस विभाग या इकाई का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। 

Views: 5
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND