बिहार में बनेगा देश का अनोखा महिला विश्वविद्यालय, छात्राओं से लेकर कुलपति तक सभी होंगी महिलाएं

बिहार में बनेगा देश का अनोखा महिला विश्वविद्यालय, छात्राओं से लेकर कुलपति तक सभी होंगी महिलाएं

पटना। रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार सरकार ने महिलाओं और छात्राओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में विशेष महिला विश्वविद्यालय स्थापित करने का ऐलान किया है। प्रस्तावित विश्वविद्यालय में छात्राओं के साथ-साथ कुलपति, शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी महिलाएं होंगी। सरकार का उद्देश्य बेटियों को सुरक्षित वातावरण में उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

पटना के बापू सभागार में आयोजित ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला रोजगार योजना के तहत करीब 5 लाख महिलाओं के बैंक खातों में लगभग 600 करोड़ रुपये की राशि भेजी। इसमें योजना की पहली और दूसरी किस्त की राशि शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए वर्ष 2030 तक करीब 20 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ‘बेटी स्टार्टअप चैलेंज’ योजना शुरू की गई है। इसके तहत अपना व्यवसाय शुरू करने या मौजूदा कारोबार का विस्तार करने वाली महिलाओं को 50 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना के जरिए करीब 2100 महिला उद्यमियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार ने पीएचडी करने वाली छात्राओं के लिए भी नई पहल की है। बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के तहत चयनित 1000 छात्राओं को चार वर्षों तक हर महीने 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इससे उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूल-कॉलेजों के आसपास ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री ने 4700 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकार के अनुसार, इस पहल से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिल सकेगा। महिला शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और सुरक्षा को एक साथ बढ़ावा देने वाली इन पहलों को राज्य सरकार ने बिहार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Views: 11
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND