सुपौल में सड़क हादसा: बेकाबू कार ने भजन-कीर्तन कर रहे लोगों को रौंदा, पांच की मौत
सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार रात पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ चौक पर भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बजरंगबली मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।
भजन-कीर्तन के बीच घुसी तेज रफ्तार कार
बताया गया कि सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग पर स्थित कटैया चौक के बजरंगबली मंदिर में झूलन पर्व के अवसर पर श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और मंदिर परिसर के पास मौजूद लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। करीब 50 मीटर तक लोगों को कुचलने के बाद कार एक दुकान में जा घुसी।
हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत
मृतकों की पहचान कटैया वार्ड संख्या 11 निवासी भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव (60), वार्ड संख्या 12 निवासी तिलाई दास (65) और राजो दास (50), वार्ड संख्या 15 निवासी सुरेंद्र यादव (45) तथा कृष्ण मोहन साह (21) के रूप में हुई है। सभी मृतक कटैया पंचायत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
कार एक गैरेज में जा घुसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद कार एक गैरेज में जा घुसी। संयोग से उस समय गैरेज में संचालक और कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को बनाया बंधक
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसे एक घर में बंद कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। शुरुआत में ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद चालक को उनके हवाले कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, चालक सुपौल का ही रहने वाला है और घटना के समय अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सुपौल लौट रहा था।
पांच मौतों के बाद सड़क जाम, मुआवजे की मांग
हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस के साथ सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू और साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सदर इंस्पेक्टर संजय यादव ने बताया कि सड़क किनारे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिसमें पांच ग्रामीणों की मौत हुई है। पुलिस घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सामान्य करने और मौके की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
About The Author
