दिवंगत अधिवक्ता संतोष कुमार स्नेही की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
औरंगाबाद। जिला विधिज्ञ संघ में शुक्रवार को दिवंगत अधिवक्ता संतोष कुमार स्नेही की पुण्यतिथि मनायी गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत संतोष कुमार स्नेही के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई। अधिवक्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि संतोष कुमार स्नेही मृदुभाषी और व्यवहार कुशल अधिवक्ता थे। दीवानी मामलों में उनकी विशेष रुचि थी। वकालत के क्षेत्र में करीब पांच वर्ष के अल्पकाल में ही वर्ष 2014 में उनका आकस्मिक निधन हो गया। कम समय में ही उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यशैली से अधिवक्ता समाज में अलग पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन को अधिवक्ता समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
श्रद्धांजलि सभा में युवा अधिवक्ताओं को वकालत के शुरुआती दौर में पैसे कमाने के बजाय कानून की किताबों के अध्ययन पर ध्यान देने की सलाह दी गयी। वक्ताओं ने कहा कि वादों के तथ्यों और कानून का गहन अध्ययन कर प्रभावी ढंग से पक्ष रखने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। वकालत के शुरुआती वर्ष संघर्षपूर्ण होते हैं, इसलिए इस दौरान गलत रास्ते से बचते हुए मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि वकालत में सफलता के लिए धैर्य, ईमानदारी और साहस जरूरी है। लगातार कानून का अध्ययन कर ज्ञान और अनुभव बढ़ाने से ही अधिवक्ता लंबे समय तक अपनी पहचान कायम रख सकते हैं। उन्होंने संतोष कुमार स्नेही के जीवन और कार्यशैली से युवा अधिवक्ताओं को प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यक्रम में महासचिव जगनारायण सिंह, पूर्व लोक अभियोजक प्रमोद कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष रसिक बिहारी सिंह, पूर्व सचिव नागेंद्र सिंह, विशेष लोक अभियोजक शिवलाल मेहता, वरीय अधिवक्ता तिलक यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
About The Author
