औरंगाबाद में पुरानी सब्जी मंडी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुलडोजर
औरंगबाद। शहर में पुरानी सब्जी मंडी को हटाकर नई जगह शिफ्ट करने की तैयारी तेज हो गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को नगर परिषद की टीम भारी पुलिस बल और JCB मशीन के साथ मंडी परिसर पहुंची, जहां अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान अस्थायी दुकानों, टीन शेड और सड़क किनारे लगाए गए ठेलों को हटाया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मंडी इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि अधिकारियों ने साफ कहा कि यह कदम शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और मंडी को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में हाल ही में हुई बैठक में पुरानी सब्जी मंडी को न्यू जेल परिसर के समीप स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया था। बैठक में फल और सब्जी कारोबार से जुड़े करीब 82 दुकानदारों को नई जगह पर व्यवस्थित रूप से बसाने की योजना पर सहमति बनी थी।
नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि नई मंडी स्थल पर दुकानदारों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि कारोबारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी न हो। प्रशासन का कहना है कि पुरानी मंडी क्षेत्र में लगातार जाम, भीड़ और अव्यवस्थित कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने दुकानदारों से सहयोग की अपील भी की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी दुकानदारों को नई मंडी स्थल पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वहीं कई दुकानदारों ने प्रशासन से नई जगह पर बेहतर व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
About The Author
