औरंगाबाद: धावा नदी में मां और दो मासूम बेटियों के शव मिलने से मचा हड़कंप, एक साथ उजड़ गया पूरा परिवार

अरथुआ में एक ही परिवार की तीन मौतों से मातम, हर आंख नम और हर दिल दुखी

औरंगाबाद: धावा नदी में मां और दो मासूम बेटियों के शव मिलने से मचा हड़कंप, एक साथ उजड़ गया पूरा परिवार

रफीगंज (औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड स्थित अरथुआ इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप धावा नदी में बुधवार सुबह एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान अरथुआ गांव निवासी टुन्नू रवानी की 30 वर्षीय पत्नी सोनिया देवी, चार वर्षीय पुत्री रानी कुमारी और तीन वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने धावा नदी में तीन शवों को तैरते देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना रफीगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शवों को नदी से बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार रात महिला और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में कुछ समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसी आधार पर विभिन्न तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़ी हर संभावना की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक मां और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक घटना है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

इस दर्दनाक घटना के बाद अरथुआ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Views: 11
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND