आय से अधिक संपत्ति मामले में अधीक्षकअभियंता पवन के ठिकानों पर ईओयू की बड़ी छापेमारी

पटना से दिल्ली-एनसीआर तक 6 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई, करीब 3.89 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा

आय से अधिक संपत्ति मामले में अधीक्षकअभियंता पवन के ठिकानों पर ईओयू की बड़ी छापेमारी

पटना। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता पवन कुमार के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। पटना से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक कुल छह स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई में अब तक करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन कुमार वर्तमान में भवन निर्माण अंचल-1, पटना में अधीक्षक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। आर्थिक अपराध इकाई द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में उनके पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक लगभग 3 करोड़ 89 लाख रुपये की संपत्ति होने के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर विशेष न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।

ईओयू की एक टीम पटना के श्रीकृष्णापुरी स्थित यमुना अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 305-बी में सुबह से तलाशी अभियान चला रही है। यह तीन बेडरूम वाला फ्लैट बताया जा रहा है, जहां पवन कुमार लंबे समय से परिवार के साथ रह रहे हैं। इसके अलावा पटना स्थित उनके कार्यालय और भागलपुर के तिलकामांझी क्षेत्र स्थित आनंदगढ़ कॉलोनी के आवास पर भी जांच की जा रही है। वहीं दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी ईओयू की अलग-अलग टीमों ने मोर्चा संभाल रखा है। नोएडा सेक्टर-75 स्थित एक फ्लैट, नोएडा के अन्य आवासीय परिसर तथा नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित फ्लैट में दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान बैंक खातों, निवेश, अचल संपत्तियों, बीमा पॉलिसियों और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अर्जित संपत्तियों के लिए धन का स्रोत क्या था और क्या वह वैध आय के अनुरूप है या नहीं। ईओयू अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा तथा उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Views: 12
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND