एनएच-19 पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से देवर-भाभी समेत तीन घायल

बारुण ब्लॉक मोड़ के पास हुआ हादसा, बाइक कंटेनर में फंसकर दूर तक घिसटती रही

एनएच-19 पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से देवर-भाभी समेत तीन घायल

औरंगाबाद। जिले के बारुण थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर और बाइक की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में देवर, भाभी और उनका पुत्र शामिल हैं। घटना बारुण प्रखंड कार्यालय मोड़ के समीप हुई, जहां हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के गजना बेला गांव निवासी दीनानाथ राजवंशी के पुत्र बलराम कुमार (21), उनकी भाभी सरिता देवी तथा भतीजे अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। तीनों को स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल बारुण रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

परिजनों के अनुसार सरिता देवी अपने पुत्र के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मायके पिपरा गांव गई थीं। समारोह समाप्त होने के बाद बलराम कुमार उन्हें और उनके बेटे को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बारुण ब्लॉक मोड़ के पास तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में उनकी बाइक आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कंटेनर के अगले हिस्से में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसा देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कंटेनर के नीचे फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कंटेनर चालक सुशील कुमार, जो मध्य प्रदेश का निवासी बताया जाता है, ने कहा कि वाहन रुद्रपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। उसने बताया कि कंटेनर में दो चालक थे। एक चालक रात में वाहन चलाने के बाद आराम कर रहा था, जबकि दूसरा वाहन चला रहा था। चालक के अनुसार बाइक चालक ने अचानक लेन बदल दी, जिसके कारण दुर्घटना हुई।

घटना की सूचना मिलने पर बारुण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया। थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों का उपचार जारी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों के सख्ती से पालन और सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

Views: 10
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts