हाईवा और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में चालक की मौत, दो गंभीर घायल
ओबरा (औरंगाबाद)। ओबरा थाना क्षेत्र के कारामोड़-अतरौली मार्ग पर गुरुवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक चालक और एक उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन सामान्य कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कारामोड़-अतरौली के समीप एक हाईवा और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डाहा गांव निवासी 25 वर्षीय अजय कुमार के रूप में की गई है। वहीं ट्रक में सवार खलासी संचित कुमार (28 वर्ष), निवासी डाहा गांव, गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी ओर हाईवा चालक झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर निवासी मनोज कुमार यादव भी दुर्घटना में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार तथा एसआई सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर बाधित यातायात को पुनः सुचारु कराया।
पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
About The Author
