बेतिया में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 की मौत; 12 से ज्यादा घायल

बेतिया में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 की मौत; 12 से ज्यादा घायल

बेतिया। बेतिया जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। बस की चपेट में आने से कार्यक्रम देख रहे कई लोग कुचल गए। घटना बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास रात करीब 11 बजे हुई। मृतकों की पहचान बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बेटे की छठी के कार्यक्रम में हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि देवेंद्र दुबे के घर में 15 अगस्त को जन्मे उनके बेटे की शुक्रवार रात छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। घर के बाहर टेंट लगाकर भोज के साथ ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में परिवार के लोगों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण और मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कार्यक्रम स्थल में जा घुसी। कुछ ही सेकेंड में वहां चीख-पुकार मच गई। बस की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रक से बचने के दौरान अनियंत्रित हुई बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री बस गोरखपुर से बेतिया की ओर आ रही थी। बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग पर सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था। बस और ट्रक के बीच टक्कर की स्थिति बनने पर चालक ने बस को बचाने के लिए अचानक मोड़ दिया। तेज गति में होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे टेंट में जा घुसी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

बच्चे के पिता देवेंद्र दुबे की भी मौत

हादसे में बच्चे के पिता देवेंद्र दुबे की भी मौत हो गई। बताया गया कि वह पेशे से चालक थे। पांचवें बच्चे के जन्म की खुशी में घर में छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित समारोह देखते-देखते मातम में बदल गया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बस-ट्रक में की तोड़फोड़

हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। बस में सवार करीब 15 यात्रियों को लोगों ने नीचे उतार दिया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर लगी कुर्सियों और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।

घायलों का जीएमसीएच में इलाज जारी

हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को एंबुलेंस से बेतिया जीएमसीएच भेजा। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और बस चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एक तरफ घर में नवजात बच्चे की छठी को लेकर खुशी का माहौल था, वहीं कुछ ही पलों में हादसे ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद बनकटवा गांव में मातम पसरा हुआ है।

Views: 6
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND