ऑपरेशन मुस्कान से 745 लोगों के चेहरे पर लौटी खुशी, मुजफ्फरपुर पुलिस ने बरामद किए 2.6 करोड़ के मोबाइल
मुजफ्फरपुर। खोए, चोरी या झपटमारी के शिकार हुए मोबाइल फोन को वापस दिलाने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ लगातार सफलता हासिल कर रहा है। वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी जांच और इंटेलिजेंस की मदद से 745 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 2.6 करोड़ रुपये बताई गई है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए वर्ष की शुरुआत से ही विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और इंटेलिजेंस इनपुट की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस करना शुरू किया। अब तक 745 लोगों के खोए या चोरी हुए मोबाइल बरामद कर उन्हें वापस लौटाया जा चुका है।
झपटमार गिरोह से लेकर ड्यूटी के दौरान चोरी हुए फोन तक
पुलिस जांच में कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें मोबाइल फोन झपटमार गिरोह के जरिए चोरी किए गए थे। वहीं कुछ मोबाइल लोगों के ड्यूटी पर रहने के दौरान चोरी या गुम हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद विशेष टीम ने तकनीकी माध्यमों से इन मोबाइल फोन की लोकेशन और इस्तेमाल से संबंधित जानकारी जुटाई और कार्रवाई करते हुए उन्हें बरामद किया। बरामद मोबाइल फोन में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं, छात्र-छात्राओं और कामकाजी लोगों के फोन शामिल हैं। पुलिसकर्मियों के चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन भी टीम ने बरामद किए हैं।
मोबाइल रिकवरी के लिए अलग विंग सक्रिय
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस की एक विशेष विंग लगातार काम कर रही है। यह टीम तकनीकी संसाधनों और इंटेलिजेंस के आधार पर चोरी एवं गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करती है। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल फोन आम लोगों की जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। मोबाइल चोरी या गुम होने से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कई जरूरी काम भी प्रभावित होते हैं। ऐसे में पुलिस ने मोबाइल रिकवरी को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान शुरू किया है।
100 प्रतिशत रिकवरी का लक्ष्य
एसएसपी ने कहा कि अब तक 745 मोबाइल फोन की बरामदगी हो चुकी है, लेकिन पुलिस का लक्ष्य इससे आगे बढ़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को उनके मोबाइल वापस दिलाना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल रिकवरी अभियान को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा तथा तकनीकी टीम को और सक्रिय किया जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों के मोबाइल फोन की अधिकतम और संभव हो तो 100 प्रतिशत रिकवरी सुनिश्चित की जा सके।
About The Author
