गांधी मैदान में सीएम सम्राट चौधरी ने पहली बार फहराया तिरंगा, शिक्षा सुधार से रोजगार तक बड़े ऐलान

राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति और उच्चस्तरीय शिक्षा समिति के गठन की घोषणा

गांधी मैदान में सीएम सम्राट चौधरी ने पहली बार फहराया तिरंगा, शिक्षा सुधार से रोजगार तक बड़े ऐलान

पटना। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार गांधी मैदान में तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा, रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पर्यटन और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं।

परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए बनेगी सुधार समिति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति गठित की जाएगी। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए उच्चस्तरीय समिति का भी गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ शुरू होगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की शिकायतों का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

2030 से पहले एक करोड़ युवाओं को रोजगार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 से पहले एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ उद्योग और निवेश को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने 11 ग्रीनफील्ड टाउनशिप, हाई स्पीड ट्रेन और मेट्रो परियोजनाओं के साथ करीब पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य भी बताया।

गन्ना किसानों के लिए 25 नई चीनी मिलों का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने कहा कि गन्ना किसानों के हित में राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य है। इनमें से 10 चीनी मिलों की शुरुआत हो चुकी है, जबकि अगले छह महीने में पांच और चीनी मिलें शुरू करने की बात कही गई। उन्होंने मोकामा में 10 एकड़ जमीन पर तिरुपति बालाजी ट्रस्ट की ओर से भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर निर्माण की योजना की भी जानकारी दी।

13 विभागों की झांकियों ने दिखाई विकास की तस्वीर

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद 13 विभागों की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इनमें डिजिटल कृषि, महिला उद्यमिता, बिहार मौसम सेवा केंद्र, अग्निशमन सेवा, पर्यावरण संरक्षण, मॉडल स्कूल, नागरिक सुरक्षा, उद्योग और ऊर्जा विभाग की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। झांकी प्रतियोगिता में बिहार अग्निशमन सेवा ने पहला स्थान हासिल किया। महिला एवं बाल विकास निगम की झांकी दूसरे और कला एवं संस्कृति विभाग की ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ थीम वाली झांकी तीसरे स्थान पर रही।

परेड प्रतियोगिता में एसएसबी और एनसीसी आर्मी गर्ल्स अव्वल

स्वतंत्रता दिवस समारोह में 20 टुकड़ियों ने परेड प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रोफेशनल वर्ग में एसएसबी और नॉन-प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी आर्मी गर्ल्स ने पहला स्थान हासिल किया। बेस्ट टर्न आउट के प्रोफेशनल वर्ग में बिहार पुलिस और नॉन-प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी बॉयज अव्वल रहे। बेस्ट प्लाटून कमांडर के प्रोफेशनल वर्ग में एमपी पुलिस और नॉन-प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी नेवी को प्रथम स्थान मिला।

गांधी मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की गई। समारोह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और परेड व झांकियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री आवास में भी तिरंगा फहराया।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND