स्कूल से लौटकर सामान लेने निकला था मासूम, तेज रफ्तार कार ने ले ली जान

दानी बिगहा में दर्दनाक हादसा, पांच वर्षीय बच्चे की मौत से मचा कोहराम

स्कूल से लौटकर सामान लेने निकला था मासूम, तेज रफ्तार कार ने ले ली जान

औरंगाबाद। शहर के दानी बिगहा के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। सड़क पार कर रहे बच्चे को तेज रफ्तार थार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान देव थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव के चेता बिगहा निवासी सुबोध सिंह के पांच वर्षीय पुत्र आदित्य राज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों के अनुसार आदित्य का परिवार फिलहाल औरंगाबाद शहर के ब्लॉक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा है। सोमवार दोपहर आदित्य स्कूल से घर लौटा था। घर आने के बाद वह कुछ सामान खरीदने के लिए पैदल पास की किराना दुकान की ओर निकला था। बताया गया कि दानी बिगहा के पास सड़क पार करने के दौरान रमेश चौक की तरफ से तेज गति से आ रही थार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से फरार हो गया।


दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चे को उठाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच की और आदित्य को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक चीख-पुकार मची रही।

मृतक के मामा आयुष कुमार ने बताया कि आदित्य के पिता सुबोध सिंह दिल्ली में चालक का काम करते हैं। वहीं, उसकी मां लालसा इलाज से जुड़े कार्य के सिलसिले में बनारस गई हुई हैं। परिवार के लिए बच्चे की अचानक मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। आदित्य तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई सूर्या कुमार और बहन संजना कुमारी भी भाई की मौत के बाद लगातार रोते रहे। परिवार के लोगों के अनुसार आदित्य की मौत ने पूरे घर को तोड़कर रख दिया है।


नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बच्चे की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के बाद फरार हुए थार चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की तैयारी में है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद उसके चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Views: 35
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND