20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब, महादलित टोला के लोगों का फूटा आक्रोश; चार घंटे सड़क जाम

20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब, महादलित टोला के लोगों का फूटा आक्रोश; चार घंटे सड़क जाम

मसौढ़ी। प्रखंड की नूरा पंचायत के हंशाडीह गांव स्थित महादलित टोला में पिछले 20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण बिजली और पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों का बुधवार को आक्रोश फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मसौढ़ी-पितामस पथ को करीब चार घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि टोले में लगा ट्रांसफार्मर करीब 20 दिनों से खराब पड़ा था। बिजली नहीं रहने के कारण घरों में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई थी। बिजली से चलने वाले मोटर और अन्य उपकरण बंद रहने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी काफी परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया। विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल कराई, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया। जाम हटने के बाद सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से सबसे ज्यादा परेशानी पेयजल को लेकर हुई। लोगों ने बिजली विभाग से खराब ट्रांसफार्मर को जल्द बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा भविष्य में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होने देने की मांग की है।

Views: 3
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND