छठ पूजा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने देव में किया स्थल निरीक्षण
औरंगाबाद। आगामी छठ पूजा के अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) ने बुधवार को देव प्रखंड क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग एवं आवासन स्थल का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन तथा रात्रिकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने आवासन स्थल पर उपलब्ध हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने देव मोड़ से सूर्यकुंड तक स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा रुद्रकुंड एवं सूर्यकुंड का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को लेकर जिलाधिकारी ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में प्राथमिक उपचार सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के देव पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखा जाए। निरीक्षण के दौरान पोखर के समीप सोलर ट्री लगाने का प्रस्ताव भी दिया गया। इससे प्रकाश व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ परिसर के सौंदर्यीकरण में भी मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा को लेकर पेयजल, प्रकाश, आवासन, पार्किंग, स्वच्छता, जलनिकासी, स्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की पहले से समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा सभी आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी देव, अंचलाधिकारी देव, प्रखंड विकास पदाधिकारी देव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
About The Author
