शहीद संतोष साव की स्मृति में टेंगरा में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, डीएम ने दिलाया राष्ट्रसेवा का संकल्प

शहीद संतोष साव की स्मृति में टेंगरा में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, डीएम ने दिलाया राष्ट्रसेवा का संकल्प

औरंगाबाद। स्वतंत्रता दिवस से पहले बारुण प्रखंड की टेंगरा पंचायत देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को पंचायत सरकार भवन से शहीद सिपाही संतोष साव के स्मारक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि और अधिकारी यात्रा में शामिल हुए। ‘वंदे मातरम्’ और ‘शहीद संतोष साव अमर रहें’ के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। शहीद के स्मारक पर पहुंचने के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। डीएम ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शॉल देकर सम्मानित किया। इस दौरान शहीद के बलिदान को याद करते हुए लोगों ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।

आतंकवादी हमले में देश के लिए दी थी जान

जिलाधिकारी ने कहा कि संतोष साव 161वीं बटालियन में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। 25 जून 2016 को ड्यूटी से लौटने के दौरान आतंकवादियों ने उनके दल पर हमला कर दिया था। गोलीबारी और ग्रेनेड हमले के बीच उन्होंने बहादुरी के साथ अपना कर्तव्य निभाया और राष्ट्र की सेवा में शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि शहीद संतोष साव का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतीक भी है। इसकी आन-बान और शान की रक्षा के लिए जवान अपना जीवन तक न्योछावर कर देते हैं।

हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान

डीएम अभिलाषा शर्मा ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने टेंगरा की धरती से लोगों से आह्वान किया कि वे शहीद संतोष साव के बलिदान को याद करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लें।

बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग

तिरंगा यात्रा में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, अपर समाहर्ता विशेष शाखा एम. सादुल हसन खां, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, बारुण के प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Views: 8
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND