बीएसएल की ऐतिहासिक पहल, संविदा कर्मियों को भी मिलेंगे नियमित कर्मचारियों जैसे सुरक्षा उपकरण

बीएसएल की ऐतिहासिक पहल, संविदा कर्मियों को भी मिलेंगे नियमित कर्मचारियों जैसे सुरक्षा उपकरण

बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए संविदा कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। अब बीएसएल में कार्यरत संविदा कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान मानक और गुणवत्ता वाले व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे पहले संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरण संबंधित ठेकेदारों की ओर से उपलब्ध कराए जाते थे।

विशेष कार्यक्रम में पहल की हुई शुरुआत

मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी ने इस व्यवस्था का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संविदा कर्मियों को सुरक्षा किट प्रदान कर नई व्यवस्था की औपचारिक शुरुआत की गई।

डिजिटल प्रणाली से होगी पीपीई की निगरानी

बीएसएल की यह पहल “Transforming Contractual Worker Safety through Direct PPE Provision and Digital Governance” की अवधारणा पर आधारित है। इसके तहत संविदा कर्मियों को उच्च गुणवत्ता वाले पीपीई उपलब्ध कराने के साथ इनके जारी करने, वितरण, वापसी और दोबारा जारी करने की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इससे पीपीई की उपलब्धता और वितरण की निगरानी पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। साथ ही जरूरत के अनुसार समय पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।

सुरक्षा सभी कर्मियों की समान जिम्मेदारी

निदेशक प्रभारी ने कहा कि बीएसएल परिसर में काम करने वाला प्रत्येक व्यक्ति, चाहे वह नियमित कर्मचारी हो या संविदा कर्मी, सुरक्षित कार्य वातावरण का हकदार है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल प्राथमिकता नहीं, बल्कि संगठन के मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। संविदा कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान गुणवत्ता वाले पीपीई उपलब्ध कराना समावेशी और मजबूत सुरक्षा संस्कृति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इन सुरक्षा उपकरणों से लैस होंगे कर्मी

संविदा कर्मियों को उपलब्ध कराए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों में सेफ्टी हेलमेट, हल्के पॉलीकार्बोनेट चश्मे, डिस्पोजेबल रेस्पिरेटर, सेफ्टी शूज, एफआर सूट (जैकेट और ट्राउजर), ईयर प्लग तथा कैनवस ग्लव्स शामिल हैं।

सुरक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की पहल

बीएसएल की इस पहल से संविदा और नियमित कर्मचारियों के बीच सुरक्षा मानकों में समानता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कंपनी का कहना है कि तकनीक के इस्तेमाल से सुरक्षा प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा सकेगा। यह पहल कार्यस्थल पर सुरक्षित और समावेशी कार्य संस्कृति को मजबूत करने के साथ इस्पात उद्योग में सुरक्षा के नए मानक स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Views: 0
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts