हर घर तिरंगा अभियान के तहत औरंगाबाद में निकली तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा जिला

हर घर तिरंगा अभियान के तहत औरंगाबाद में निकली तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा जिला

औरंगाबाद। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित इस यात्रा में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकाली।


तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ और भारत माता की जय के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। विभिन्न प्रखंडों में निकली यात्राओं में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में उत्साह का माहौल बना दिया।

यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान और संस्थान पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। तिरंगा देश की एकता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है, इसलिए इसके सम्मान को लेकर प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।


तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं की भागीदारी विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। वहीं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस अभियान के जरिए प्रशासन ने जिलेवासियों से 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखते हुए उत्साहपूर्वक मनाने और अपने घरों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की है।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND