औरंगाबाद में 22 अगस्त तक बिजली बिल सुधार कैंप

औरंगाबाद में 22 अगस्त तक बिजली बिल सुधार कैंप

औरंगाबाद। बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, औरंगाबाद की ओर से 17 से 22 अगस्त 2026 तक विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में उपभोक्ता अपने विद्युत विपत्र में हुई किसी भी प्रकार की त्रुटि के सुधार के लिए आवेदन दे सकेंगे। विद्युत विभाग के अनुसार, कई उपभोक्ताओं को बिजली बिल में गलत रीडिंग, अधिक राशि, पुराने बकाये या अन्य तकनीकी कारणों से परेशानी होती है। ऐसी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष कैंप लगाया गया है। उपभोक्ताओं को कैंप में आवेदन के साथ संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी जमा करने होंगे।

जांच के बाद नियमानुसार होगा बिल का सुधार

विद्युत कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत विपत्र में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे कैंप में आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और निर्धारित अवधि के दौरान कैंप में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान कराएं।

शिकायत के लिए कैंप का उठाएं लाभ

सहायक विद्युत अभियंता राहुल कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष कैंप का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उपभोक्ता आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन जमा करें, ताकि शिकायत की जांच कर जल्द समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाना और उनकी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करना है।

22 अगस्त तक मिलेगा मौका

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 17 से 22 अगस्त के बीच आयोजित विशेष कैंप का लाभ उठाएं। बिल में किसी भी प्रकार की त्रुटि या परेशानी होने पर समय पर आवेदन देकर सुधार की प्रक्रिया पूरी कराएं।

Views: 6
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND