नागपंचमी पर हाईवा की टक्कर, एक लूना सवार की मौत; दूसरा गंभीर

नागपंचमी पर हाईवा की टक्कर, एक लूना सवार की मौत; दूसरा गंभीर

औरंगाबाद। नागपंचमी पर मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे दो लूना सवार सोमवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए। रफीगंज-शिवगंज मुख्य मार्ग पर चातर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी लूना में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद चालक हाईवा लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान रफीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 के अब्दुलपुर निवासी सर्जुन साव (57) के रूप में हुई है। वहीं घायल उपेंद्र साव (40) भी अब्दुलपुर के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को इलाज के लिए रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

घायल उपेंद्र साव ने बताया कि नागपंचमी के अवसर पर पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों लूना से अपने घर अब्दुलपुर लौट रहे थे। चातर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी लूना में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से सर्जुन साव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल उपेंद्र साव को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। रफीगंज सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार हाईवा और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सर्जुन साव ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। करीब तीन साल पहले बीमारी के कारण उनकी पत्नी उषा देवी का निधन हो गया था। इसके बाद बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी सर्जुन साव के कंधों पर थी।

अचानक हुए हादसे में उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के आश्रितों को सरकार के प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। 

Views: 7
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND