नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, गुरुद्वारा साहिब के बाहर सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को पकड़ा

नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, गुरुद्वारा साहिब के बाहर सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को पकड़ा

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाने के लिए अपनी गाड़ी से उतर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सुखबीर बादल के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हमलावर को काबू में ले लिया और स्थिति को संभाला।

हमलावर हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुद्वारा परिसर तथा आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। हमलावर की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किस उद्देश्य से गुरुद्वारा परिसर पहुंचा था और उसने सुखबीर बादल को ही निशाना क्यों बनाया। सुखबीर बादल की चोट की गंभीरता को लेकर फिलहाल विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है। अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है।

2024 में अमृतसर में भी हुआ था हमला

सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के बाहर भी हमला करने की कोशिश हुई थी। उस समय वह अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवादार की सेवा कर रहे थे। इसी दौरान नारायण सिंह चौरा नामक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से हमले की कोशिश नाकाम हो गई थी और आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया था।

धार्मिक सजा के तहत कर रहे थे सेवा

2024 की अमृतसर घटना के समय सुखबीर बादल अकाली दल सरकार के 2007 से 2017 तक के कार्यकाल के दौरान हुई गलतियों के प्रायश्चित के तौर पर अकाल तख्त साहिब द्वारा सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत विभिन्न गुरुद्वारों में सेवा कर रहे थे। नांदेड़ में ताजा घटना सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Views: 6
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND