हाजीपुर में तिरंगे के रंग में रंगा शहर, हजारों लोगों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
हाजीपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत बुधवार को हाजीपुर में देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। अक्षयवट राय स्टेडियम से सुबह करीब नौ बजे भव्य तिरंगा यात्रा और साइकिल रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर हजारों लोग यात्रा में शामिल हुए और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, लालगंज विधायक संजय सिंह सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति का माहौल रहा। लोगों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ प्रस्तुत किया गया। तिरंगा यात्रा और साइकिल रैली को जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा तथा विधायकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों ने साइकिलों के साथ यात्रा में भाग लिया, जबकि कई लोग हाथों में तिरंगा लेकर पैदल भी चलते नजर आए।
यात्रा के दौरान भारत माता की आकर्षक झांकी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा और शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने नागरिकों से अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील भी की।
About The Author
