मध्य विद्यालय पिलछी के बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा, नशामुक्ति का दिया संदेश
दाउदनगर (औरंगाबाद)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को मध्य विद्यालय पिलछी के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। राष्ट्रभक्ति के उत्साह से भरे बच्चों ने हाथों में तिरंगा और नशामुक्ति से संबंधित तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति के साथ-साथ नशे के खिलाफ भी जोरदार नारे लगाए। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अशोक कुमार ने किया। बच्चे ड्रम, ताशा, बिगुल और करताल के साथ देशभक्ति के नारे लगाते हुए पिलछी गांव तक पहुंचे। इसके बाद यात्रा वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में नशामुक्ति से संबंधित तख्तियां ले रखी थीं। उन्होंने नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए ग्रामीणों को इससे होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। बच्चों ने कम उम्र में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए लोगों से जागरूकता फैलाने की अपील की। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के शिक्षक अमरेंद्र कुमार, मुक्ता सोनी, शशि भूषण चौबे, चंदा सिंह, अपराजिता कुमारी, निकहत जहां, कांति कुमारी, श्रेया श्रीवास्तव और प्रियंका मौर्या मौजूद रहीं। शिक्षकों ने यात्रा के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
प्रधानाध्यापक डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा के माध्यम से बच्चों ने ग्रामीणों तक राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचाया है। उन्होंने कम उम्र के बच्चों में नशे की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए कहा कि इसके खिलाफ जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
About The Author
