शिक्षक के बंद घर में चोरी, चोर ले गए लाखों की संपत्ति
दाउदनगर (औरंगाबाद)। दाउदनगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खासकर बंद घर चोरों के निशाने पर हैं। ताजा मामला भखरुआं मोड़ स्थित यदुवंशी नगर का है, जहां शिक्षक अमरजीत कुमार सिंह के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जाता है कि शिक्षक अमरजीत कुमार सिंह अपनी पत्नी के साथ देवघर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया। घर का ताला तोड़ने के बाद चोरों ने गोदरेज, दीवान पलंग, बक्सा समेत अन्य सामान को खंगाला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकद रुपये चोरी कर लिए। गृहस्वामी के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये है। उनकी पत्नी ने बताया कि चोर मंगलसूत्र, सिकड़ी, अंगूठी समेत अन्य जेवरात और करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा और मोटर चालू पाया तो मोबाइल फोन से गृहस्वामी को घटना की सूचना दी। इसके बाद शिक्षक दाउदनगर लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है और घर में रखे जेवरात समेत कई कीमती सामान गायब हैं। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और दाउदनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। समाचार भेजे जाने तक गृहस्वामी की ओर से दाउदनगर थाना में लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।
About The Author
