लखीसराय अशोकधाम में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत

लखीसराय अशोकधाम में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत

लखीसराय। सावन के तीसरे सोमवार को बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच सोमवार सुबह भगदड़ मच गई। हादसे में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसा सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच अशोकधाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ। सावन सोमवार के कारण मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की बात सामने आई है।

खंभा गिरने के बाद फैली करंट की अफवाह

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार, पुरुषों की लाइन की ओर एक खंभा गिर गया था। इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच बिजली का करंट फैलने और तार गिरने की अफवाह फैल गई। जबकि गिरा हुआ तार बिजली की लाइन नहीं, बल्कि केबल वायर था। अफवाह के बाद पुरुषों की ओर से भीड़ तेजी से पीछे और दूसरी दिशा में बढ़ने लगी। इससे महिलाओं की लाइन पर दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते महिलाएं एक-दूसरे पर गिरने लगीं और भगदड़ की स्थिति बन गई।

टूट गई बैरिकेडिंग, मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिलाओं को एक स्थान से आगे बढ़ने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ने से बैरिकेडिंग टूट गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कई श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़े। घायलों को आसपास के लोगों और प्रशासन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

चार मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाली चार महिलाओं की पहचान कर ली गई है। इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी और हेमलता देवी तथा मुंगेर की रिंकू देवी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

अस्पताल में मचा रहा अफरा-तफरी का माहौल

हादसे के बाद बड़ी संख्या में घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों के पहुंचने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर घायलों का इलाज किया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

लखीसराय हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति ने भी घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में मृत श्रद्धालुओं के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी रखा गया। हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फिलहाल मंदिर में स्थिति सामान्य होने के बाद श्रद्धालु कतार में लगकर जलाभिषेक कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।

Views: 11
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND