तिरंगे से रंगा पटना, जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक निकली भव्य यात्रा; सीएम सम्राट चौधरी ने पैदल किया मार्च

तिरंगे से रंगा पटना, जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक निकली भव्य यात्रा; सीएम सम्राट चौधरी ने पैदल किया मार्च

पटना। स्वतंत्रता दिवस से पहले सोमवार को राजधानी पटना देशभक्ति के रंग में नजर आई। जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर मुख्यमंत्री करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चले। इस दौरान पूरा मार्ग भारत माता की जय के नारों से गूंजता रहा। यात्रा की शुरुआत जेपी गोलंबर से हुई। यहां पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे तिरंगा हाथ में लेकर लोगों के साथ पैदल कारगिल चौक की ओर रवाना हुए। यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और पूरे मार्ग पर तिरंगे लहराते दिखाई दिए।

तिरंगा देश की एकता और संप्रभुता का प्रतीक : सम्राट चौधरी

यात्रा के बाद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। देश के लिए यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे की आन और देश की रक्षा के लिए लाखों सैनिकों ने अपने प्राण न्योछावर किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत हमेशा शांति का पक्षधर रहा है, लेकिन देश की संप्रभुता और सुरक्षा को चुनौती देने वालों को भारत मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल होगा।

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद

सम्राट चौधरी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल तीन रंगों वाले ध्वज के प्रति सम्मान जताने का कार्यक्रम नहीं है। इसके पीछे देश के स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्वजों का संघर्ष और बलिदान जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की स्थापना और देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य लोगों ने अपना जीवन बलिदान किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से 10 से 17 अगस्त तक चलने वाले तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

मंत्री और भाजपा नेताओं ने भी लिया हिस्सा

तिरंगा यात्रा में मंत्री रामकृपाल यादव, विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में आम लोग भी हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़ते नजर आए। जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक का पूरा इलाका देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सराबोर रहा।

यात्रा के दौरान बदली रही यातायात व्यवस्था

तिरंगा यात्रा को लेकर पटना में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। सुबह सात बजे से गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, कारगिल चौक और बुद्ध मार्ग के आसपास वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी। लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई थी। यात्रा समाप्त होने के बाद संबंधित सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कर दिया गया।

Views: 0
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND