अरवल: गाय को बचाने में मां-बेटे की करंट से मौत, गांव में पसरा मातम
अरवल। किंजर थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में बुधवार सुबह करीब आठ बजे करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। मृतकों की पहचान झुनाठी निवासी हरेराम शर्मा की पत्नी सीमा देवी (50) और उनके छोटे पुत्र शुभम कुमार (19) के रूप में हुई है।
गाय को बचाने में मां भी आई करंट की चपेट में
ग्रामीणों के अनुसार, सीमा देवी बुधवार सुबह अपने घर के समीप स्थित ट्रांसफार्मर के पास गई थीं। इसी दौरान वहां लटके विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में उनकी गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में सीमा देवी भी ट्रांसफार्मर के विद्युत प्रवाहित स्टेक के संपर्क में आ गईं। करंट लगते ही वह मौके पर छटपटाने लगीं। मां को करंट की चपेट में आया देखकर उनका छोटा बेटा शुभम कुमार उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। इसी दौरान वह भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया। हादसे में मां और बेटा दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों की मौत
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, अरवल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्रामीणों के अनुसार, हरेराम शर्मा का परिवार पशुपालन के सहारे जीवनयापन करता था। परिवार के बड़े बेटे चंदन कुमार का हाल ही में बिहार पुलिस में चयन हुआ था और वह करीब एक सप्ताह पहले प्रशिक्षण के लिए गया था। वहीं छोटे बेटे शुभम कुमार का अग्निवीर के लिए चयन हो चुका था। एक साथ मां और बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
About The Author
