नीतीश की घरवापसी से इंडि अलायन्स हो चूका है धवस्त : शाहनवाज
औरंगाबाद में बोले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन
तंज : 17 महीनों से बिहार सरकार में लगा था कार्बन, अब जा कर मिल रहा ऑक्सीजन
इसी गठबंधन को जनता ने चुना था जिसमें राजद कर गया था घुसपैठ
औरंगाबाद। नीतीश कुमार की एनडीए में घरवापसी के बाद इंडि अलायन्स पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। इंडि एलायंस की नींव ही नीतीश कुमार थे और नीतीश कुमार के इंडि गठबंधन छोड़ने से ही अब यह अलायन्स खत्म हो गया। उधर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी कांग्रेस को आंख दिखा रही हैं। कई अन्य विपक्षी पार्टियों ने इंडि गठबंधन से इतर होकर चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान कर ही दिया है जिससे साफ़ जाहिर होता है कि विपक्ष अब बेहद कमजोर हो चूका है। उक्त बातें शनिवार को पूर्व मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने औरंगाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। बता दें कि भाजपा एमएलसी दिलीप सिंह के सत्येंद्र नगर स्थित आवास पर एनडीए की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी जिसमें सांसद सुशील कुमार सिंह, विधान परिषद दिलीप सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज शर्मा समेत एनडीए गठबंधन की सभी सहयोगी पार्टियों के जिला अध्यक्षों एवं नेताओं ने भाग लिया। शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार सरकार में 17 महीने से कार्बन लगा हुआ था। मगर अब वह कार्बन हट चुका है और बिहार सरकार खुलकर ऑक्सीजन ले रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा साथ मिलकर बिहार को विकास की ओर अग्रसर करेंगें। शाहनवाज ने कहा कि भाजपा नीतीश कुमार को कभी नहीं छोड़ेगी ना नीतीश कुमार भाजपा को छोड़ेंगें। वहीं शाहनवाज स्वयं को मंत्री बनाने के सवाल से बचते दिखे। पत्रकारों के सवाल पर उन्होनें कहा कि वे पार्टी के एक कार्यकर्ता हैं और प्रवक्ता हैं। वे सिर्फ पार्टी-गठबंधन को लेकर चर्चा करेंगें। आगे उनका क्या करना है वह पार्टी ही तय करेगी।
शाहनवाज ने कहा कि जनता ने एनडीए गठबंधन को ही बहुमत दिया था और इसी सरकार को चुना था। बीच मे राजद घुसपैठ कर गया था। मगर अब नीतीश कुमार के वापस एनडीए में आने से जनता बेहद खुश है। हम लोग सभी मतभेदों को भूल कर विकास चाहते हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार राज्य में एनडीए गठबंधन चहुंओर विकास करेगा। विशेषकर उद्योग और रोजगार पर बल दिया जाएगा। हमारे सभी सहयोगी दल एकजुट हैं। चिराग पासवान की नाराजगी के सवाल पर शाहनवाज ने कहा कि चिराग पासवान पूरे मन से नीतीश कुमार यानी एनडीए के साथ हैं। कोई भी मनभेद चिराग-नीतीश के बीच नहीं। अब आगे हमारा लक्ष्य पुनः नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत वाली सरकार के साथ प्रधानमंत्री बनाने का है। गांव से लेकर शहर तक एनडीए को मजबूत किया जाएगा। जमीन स्तर तक काम चलेगा।
आडवाणी जी को भारत रत्न मिलना सभी ईमानपरस्तों का सम्मान
लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर शाहनवाज ने समस्त देशवासियों को बधाई दी। उन्होनें कहा कि आडवाणी जी को भारत रत्न मिलना सभी ईमानपरस्तों का सम्मान है। सभी ईमानदार एवं दृढ निश्चयी व्यक्तित्वों को यह सम्मान मिला है।
अंतरिम बजट मोदी की गारंटी वाली बजट
सांसद सुशील कुमार सिंह ने अंतरिम बजट का जिक्र करते हुए कहा कि इस बजट में कोई लोक-लुभावन वाली बता नहीं है। यह देश का बजट है। यह बजट मोदी की गारंटी का बजट है। इसमें नरेंद्र मोदी की 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना झलकती है। बजट में गरीबों की गरीबी दूर करने की बात कही गयी है। देश के चार श्रेणी गरीब, महिला, किसान एवं युवा के विकास के लिए नरेंद्र मोदी सदैव तत्पर हैं। जो बजट में साफ़ झलकता है। बजट में 25 करोड़ गरीबों को गरीबी से बहार निकालना, दो करोड़ से अधिक घर उपलब्ध कराना आदि की बात कही गयी हैं जो जल्द ही धरातल पर दिखेगी। वार्ता के दौरान एनडीए की सभी सहयोगी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने अपने हाँथ संग जोड़ कर एकजुटता दिखाई। इनमें राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, सांसद सुशील कुमार सिंह, एमएलसी दिलीप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक मनोज शर्मा समेत जदयू के जिला उपाध्यक्ष रिंकू सिंह, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह उर्फ़ सोनू सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा आरएलजेडी के जिलाध्यक्ष अशोक मेहता, हम के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, लोजपा (पारस) के जिलाध्यक्ष मुख्य रूप से रहे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनिता सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम सिंह, संजय मेहता, उज्जवल सिंह, अनिल सिंह, राहुल कुमार, दीपक कुमार अदि मौजूद रहे।
About The Author
